Meta Description
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2025 के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त आयोजन के लिए सोमवार को समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल और वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने की। बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एसडीएम धालभूम, सिटी एसपी समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि जिले के पांच शैक्षणिक संस्थानों के आठ परीक्षा केंद्रों पर 3810 परीक्षार्थी नीट परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा 4 मई को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। अपराह्न 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
बैठक में जिला प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच और पहचान पत्र का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी। मेडिकल और आपातकालीन सुविधाओं के साथ-साथ परीक्षा गोपनीयता को बनाए रखने पर भी बल दिया गया।
उपायुक्त अनन्य मित्तल ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा को कदाचारमुक्त संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा केंद्रों तथा उनके आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी। जिला नियंत्रण कक्ष के साथ-साथ प्रत्येक केंद्र पर भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। परीक्षार्थियों को केवल एडमिट कार्ड और फोटो के साथ प्रवेश की अनुमति होगी। किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अतिरिक्त सामग्री के साथ प्रवेश वर्जित रहेगा। साथ ही, होटल, रेस्तरां और अन्य आश्रय स्थलों की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एसीएमओ जोगेश्वर प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीआईओ किशोर प्रसाद, सीओ मानगो ब्रजेश श्रीवास्तव, डीईओ मनोज कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, सेंटर सुपरिटेंडेंट समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों से समन्वय और सतर्कता के साथ परीक्षा के सफल संचालन में योगदान देने का आह्वान किया।