झारखंड पुलिस ने बोकारो जिले में बच्चों की अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले में गिरफ्तार आरोपी
सीआईडी के एएसपी पूज्य प्रकाश ने जानकारी दी है कि उन्होंने गांधीनगर के निवासी अंकित कुमार जेड़ी और विवेक कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर अलग-अलग वेबसाइटों और टेलीग्राम चैनलों पर नाबालिगों के यौन शोषण से जुड़े वीडियो और फोटो अपलोड एवं साझा करने का आरोप है।
यह कार्रवाई समन्वय केंद्र (I4C) के सहयोग से की गई
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के सहयोग से की गई। जिसके जांच में यह सामने आया है कि Hoptic.com नामक वेबसाइट का इस्तेमाल डिजिटल बाजार के रूप में किया जा रहा था। इस साइट पर बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री अपलोड, शेयर और बेची जाती थी। आरोपी इस काम से पैसे भी कमा रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई रिपोर्टिंग पोर्टल के आधार पर
पुलिस ने बताया कि इस मामले में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज करवाई गई शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई है। जांच में यह भी सामने आया कि एक पीड़ित के अश्लील वीडियो और फोटो उसकी सहमति के बिना प्लेटफॉर्म पर डाले गए थे, जिससे उसे गंभीर रूप से मानसिक आघात पहुंचा। मामले को गंभीर से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
आम जनता को संदेश
बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऑनलाइन अश्लील सामग्री और बच्चों के यौन शोषण के मामलों में तुरंत सतर्क होकर पुलिस या साइबर क्राइम पोर्टल को सूचित करना जरूरी है। माता-पिता और अभिभावक बच्चों की इंटरनेट गतिविधियों पर नजर रखें, अनजान लोगों से संपर्क रोकें और उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की शिक्षा दें। सतर्कता और जागरूकता ही बच्चों को सुरक्षित रख सकती है।