सरायकेला जिला प्रशासन ने चांडिल क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस बल की उपस्थिति में सोमवार को कांदरबेरा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई में दो जेसीबी वाहन, एक हाइवा वाहन संख्या JH05DU4942, दो ट्रैक्टर माउंटेड ड्रिलिंग मशीन और लगभग 1800 घनफीट पत्थर खनिज जब्त किए गए। जमीन मालिक, वाहन मालिक/चालक और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति ने कहा कि अवैध खनन पर नियंत्रण प्रशासन की प्राथमिकता है और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जब्त खनिज और वाहनों के संबंध में विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और संयुक्त गश्ती अभियान चलाए जाएंगे। जिला प्रशासन खनिज संपदा का संरक्षण और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खनिज संपदा देश की अमूल्य धरोहर है, जिसका संरक्षण हर नागरिक का कर्तव्य है। अवैध खनन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुँचाता है बल्कि सरकारी राजस्व की भी हानि करता है। इसलिए जनता ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें और जिम्मेदार नागरिक बनकर प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा में योगदान दें।