Crime News: सरायकेला – खरसावां में आदित्यपुर 2 के आरआईटी थाना अंतर्गत बंता नगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सुचना के आधार पर थाना प्रभारी संजीव सिंह ने बंता नगर पानी टंकी से सटे राजा जनरल स्टोर में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान राजा जनरल स्टोर से हुक्का, चिलम और अलग-अलग फ्लेवर के नशे के सामान की बरामदगी की गई है. बताया जा रहा कि जनरल स्टोर की आड़ में दूकान में गांजा और नशे का कारोबार किया जा रहा था. छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को जब्त किया है. बताया जा रहा है कि नशीले पदार्थों का सरगना राजा उर्फ मुकेश प्रजापति नाम का युवक है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने नशीले पदार्थों के साथ-साथ मारपीट में इस्तेमाल किए जाने वाले लोहे के औजार और नकली पिस्तौल को भी बरामद किया. पुलिस ने राजा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
हाई सोसाइटी के युवा और
स्कूली बच्चों को की जाती थी नशीले पदार्थों की सप्लाई
बताया जा रहा है कि राजा
जनरल स्टोर से हाई सोसाइटी के युवा और अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों
को नशीले पदार्थों की सप्लाई की जाती थी. वहीं एक हफ्ते पहले डीएवी एनआईटी स्कूल
के बच्चों को नशीली पदार्थों का सेवन करते हुए पकड़ा गया था. लेकिन स्कूल प्रबंधन
ने इस बात को दबा दिया. वहीं इसकी भनक पुलिस को लग गई और फिर पुलिस ने छापेमारी
करके मामले का पर्दाफाश कर दिया.
नशे की काली कमाई से खड़ा
कर दिया साम्राज्य
सूत्रों के अनुसार नशे का
कारोबार करने वाला राजा पहले एक गुमटी चलाया करता था और उसने अपनी काली कमाई से एक
विशाल शो रूम वन विभाग की जमीन पर खड़ा कर दिया. पुलिस की इस छापेमारी से आदित्यपुर
के नशे कारोबारियों में हडकंप मच गया है.
ब्राउन शुगर और गांजा
सप्लाई का हब रहा है आदित्यपुर
बताते चले कि आदित्यपुर
हमेशा से ही नशीले पदार्थों के कारोबार के लिए सेफ जोन माना जाता है. बीते वर्षों
में पुलिस ने नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की थी.
इसके साथ ही नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वाली डॉली को जेल भेज दिया था. इसके
बाद आदित्यपुर में नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन ध्वस्त हो गई. लेकिन इसके बाद फिर
दुसरे लोगों ने इस कारोबार को शुरू कर दिया है और एक बार फिर आदित्यपुर के युवा
नशे की गिरफ्त में है.
नशे के आदि होने के कारण युवा
करते है क्राइम
आपको बता दें कि
आदित्यपुर में आए दिन चोरी और छिनतई की घटनाएं घटती रहती है और इन घटनाओं को अंजाम
देने वाले युवा होते है, जो नशीले पदार्थों का सेवन करने के लिए इन घटनाओं को
अंजाम देते है. आदित्यपुर में कई पढ़े लिखे घर के युवा नशे की गिरफ्त में है और नशे
का सेवन करने के लिए वे किसी भी घटनाओं को अंजाम दे सकते है.
नशे की लत बुरी, यह जिंदगी छीन लेती है
नशीले पदार्थों का सेवन
शरीर के लिए हानिकारक होता है और यह हर कोई भली भांति जानता है. अक्सर यह देखा
जाता है कि अधिक नशीले पदार्थों के सेवन से व्यक्ति की जान भी चली जाती है और उसका
परिवार भी बिखर जाता है. फिलहाल जिला प्रशासन को नशीले पदार्थों का कारोबार करने
वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरुरत है और लोगों को जागरूक करने के लिए
अभियान चलाने की जरुरत है.