Bokaro News: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मौके पर अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलको, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार उपस्थित थे।
बैठक के क्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत अप्रैल, मई, जून और जुलाई माह 2025 के खाद्यान्न वितरण की अधिकतम स्थिति की भी समीक्षा कर समयबद्ध तरीके से शत प्रतिशत खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने एनएफएसए, जेएसएफएसएस योजना के तहत खाद्यान्न का वितरण, चना दाल वितरण, मुख्यमंत्री दाल भात योजना, चीनी और नमक का वितरण पीवीटीजी, जन वितरण प्रणाली, ग्रीन राशन कार्ड समेत विभिन्न योजनाओं की अध्ययन स्थिति का क्रमवार समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारी को सरकार के कल्याणकारी योजनाओं से योग्य लाभुकों को समय पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कार्य प्रगति की समीक्षा के क्रम में कहा कि किसानों को उनके हक एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु उनका अधिक से अधिक निबंधन करने के लिए आपूर्ति विभाग को निबंधन अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने आगे कहा कि किसानों को सरकार द्वारा दिए जाने वाले धान अधिप्राप्ति का लाभ अधिकाधिक मिले इसके लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धान कटनी का उत्सव मनाने की कार्य योजना बनाने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
किसानों को धान अधिप्राप्ति कर रकम जल्दी उन्हें प्राप्त हो इसे सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि मार्केटिंग ऑफिसर जन वितरण दुकानदारों के साथ बैठक करें, नियमानुसार स्टॉक पंजी एवं वितरण पंजी का संधारण करें। साथ ही सभी पीडीएस दुकानदार अपने पीडीएस दुकानों के बाहर लाभुकों की सूची लगाएं ताकि अनाज वितरण में पारदर्शिता लाई जा सके। अयोग्य लाभुक अगले 15 दिनों के भीतर अपना राशन कार्ड प्रत्यर्पित करें अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने समीक्षा के क्रम में कहा कि वैसे लोग जो सुखी संपन्न हैं और राशन कार्ड रखने की पात्रता नहीं रखते हैं वे अपना राशन कार्ड 15 दिनों के अंदर प्रत्यर्पित करें अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए उठाव किए गए राशन के विरुद्ध नियमानुसार वसूली की जाएगी। उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी मार्केटिंग ऑफिसर को महीने में कम से कम 15 से 20 पीडीएस दुकानों का फिजिकल इंस्पेक्शन करने का निर्देश दिया। निर्देशित किया गया कि वे पीडीएस दुकानों का फिजिकल निरीक्षण कर फोटोग्राफ्स के साथ जिला आपूर्ति पदाधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराएंगे।