Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-07-30

Chandil Local Issues: चांडिल की समस्याओं पर भाजपा गंभीर, महामंत्री गोराई ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

चांडिल:  भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री मधुसूदन गोराई ने मंगलवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त से मुलाकात कर चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

 इस दौरान उन्होंने चांडिल, नीमडीह, कुकड़ू और ईचागढ़ प्रखंड की कई ज्वलंत समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। ज्ञापन में नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी, लाकड़ी और हेवेन पंचायत अंतर्गत गांवों में थैलेसीमिया मेजर बीमारी के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई गई है। श्री गोराई ने उपायुक्त से बीमारी के कारणों की वैज्ञानिक जांच कर रोकथाम की दिशा में ठोस पहल की मांग की।
 
इसके अतिरिक्त, नीमडीह व कुकड़ू प्रखंड के हेवेन, झिमड़ी, लाकड़ी, काशीपुर, कल्याणपुर, दयापुर, झापागोड़ा और सिरूम सहित अन्य गांवों में जंगली हाथियों के लगातार उत्पात से ग्रामीणों को हो रही जान-माल की क्षति पर भी चिंता cr व्यक्त की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग मुआवजा देने में टालमटोल कर रहा है और डूबी क्षेत्र का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रहा है। उन्होंने हाथियों के उत्पात पर नियंत्रण और पीड़ितों को मुआवजा देने की दिशा में त्वरित कार्रवाई की मांग की। 

चांडिल प्रखंड अंतर्गत एनएच-32 से कंगलाटांड़ तक मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत हो रहे 4.3 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के अधूरे पड़े रहने की ओर भी ध्यान आकृष्ट किया। श्री गोराई ने मांग की कि इस परियोजना को शीघ्र पूरा कराया जाए। वहीं, हालिया भारी बारिश के चलते चांडिल की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बाधित हो गई है। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से जलापूर्ति ठप है, जिसे शीघ्र दुरुस्त करने की आवश्यकता है।

नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी गांव में राशन डीलर परिवर्तन के लिए लाभुकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित विभाग को दिशा-निर्देश देने की मांग की।

साथ ही, कुकड़ू प्रखंड स्थित दुलमी मध्य विद्यालय में शिक्षकों की कमी की समस्या को भी उन्होंने गंभीरता से उठाया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में करीब 200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन दो शिक्षकों को प्रतिनियुक्ति पर अन्यत्र भेज दिए जाने से पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है।

श्री गोराई ने उपायुक्त से उपरोक्त सभी समस्याओं पर त्वरित और ठोस कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सकें ।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !