Construction Of Sub-health Center In Gamhariya:सरायकेला-खरसवां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बुरुडीह पंचायत के घोटाबामारी गांव में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण को लेकर एक नया विवाद उत्पन्न हो गया है।जहां ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बिना ग्रामसभा और बिना जानकारी के निर्माण स्थल चयन किया गया हैं, इसको लेकर उपायुक्त नितीश कुमार सिंह को एक लिखित आवेदन भी सौंपा गया है।
बता दे लिखित आवेदन में झारखंड सरकार के विशेष भवन निर्माण प्रमंडल विभाग द्वारा बिना ग्रामसभा कराए और ग्रामीणों को बिना सूचित किए, उपस्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य गांव के अंतिम छोर पर हो रहा है, जो एक हाइली इररेगुलर और अति प्रभावित क्षेत्र है। उक्त स्थान पर सरकारी पहुंच मार्ग भी नहीं है, जिससे भविष्य में आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने दावा किया कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा गैर-संवैधानिक तरीके से झूठी ग्रामसभा दिखाकर काम शुरू कराया गया है। ग्रामीणों ने कहा की हमलोगों से ना कोई राय ली गई, ना कोई जानकारी दी गई। साथ ही कहा कि ये स्वास्थ्य केंद्र गाँव के बीच में होना चाहिए, ताकि सभी को सुविधा मिले।अब ग्रामीणों ने मांग की है कि उपस्वास्थ्य केंद्र का निर्माण गांव के बीच में स्थित सरकारी भूमि पर किया जाए, जहाँ पूर्व में उपस्वास्थ्य केंद्र का संचालन होता था। इससे पूरे बुरुडीह पंचायत के लोग लाभान्वित होंगे और यह अधिक व्यावहारिक भी होगा।