Jharkhand: झारखंड के सिमडेगा से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई. यहां एक 13 साल की नाबालिग को 19 साल के युवक ने प्रेम जाल में फंसा लिया. उसे 9 बजे रात चुपके से घर से बाहर आने को कहा और साथ ले गया. 2 दिन तक उसे बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया. हैवानियत यहीं नहीं रुकी बदमाश ने नाबालिग का अश्लील वीडियो भी बनाया. जब वह घर लौटी, तो उसने परिवार वालों को पूरी आपबीती बताई. जिसके बाद हड़कंप मच गया. अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी पुलिस से सख्त एक्शन की मांग की है.
बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया हेंडल एक्स पर लिखा कि – “सिमडेगा जिले के कोलेबिरा में नाबालिग बेटी के साथ हुई दुष्कर्म की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है. एक मासूम बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाए जाने की घटना अति निंदनीय है. @jharkhandpolice आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाएं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा, सहायता तथा न्याय दिलाने में हरसंभव मदद करें.”
आधी रात घर से गायब हुई थी नाबालिग
मीडिया रिपोर्टस् के मुताबिक, सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना इलाके में नाबालिग लड़की को अगवा करके रेप किया गया. जिसका अश्लील वीडियो बनाया गया. पीड़िता के घरवालों ने एक समुदाय के युवक पर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के मुताबिक, 13 साल की नाबालिग बीती 16 जुलाई की रात 9 बजे से लापता थी. काफी ढूंढने के बाद भी वह नहीं मिली. इसके तीन दिन बाद 19 जुलाई को सुबह लगभग 9 बजे घर वापस आई तो उसने पिता से आपबीती बताई. पीड़िता ने बताया कि स्थानीय निवासी एक 19 वर्षीय युवक ने 16 जुलाई को रात 9 बजे फोन कर चुपके से घर से बाहर आने के लिए कहा था. घर से बाहर नहीं आने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी. आरोपी एक समुदाय विशेष का बताया गया है.
कई दिनों से कर रहा था ब्लैकमेल
नाबालिग ने कहा कि डर के कारण वह परिवार को बिना बताए घर से बाहर निकली. इसके बाद आरोपी अपने साथ ले गया और डरा-धमकाकर अश्लील फोटो, वीडियो दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोपी ने डरा-धमकाकर और बंधक बनाकर गलत काम किया. पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपित ने तीन माह पहले भी उसे डरा-धमकाकर एक बगीचे ले जाकर दुष्कर्म किया था. इस दौरान आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाया और फोटो भी खींचे थे. आरोप है कि इन्हीं वीडियो और तस्वीरों को दिखाकर आरोपी पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था. इधर, पुलिस ने आरोपित को कब्जे में लेकर पूछताछ कर रही है.
नेताओं ने कड़ी कार्रवाई की मांग की
नाबालिग को अगवाकर अश्लील वीडियो बनाने और दुष्कर्म की घटना पर तोरपा के पूर्व विधायक कोचेमुंडा ने कड़ा विरोध जताया था. उन्होंने कहा था कि राज्य में बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं. हर दिन दुष्कर्म-छेड़छा़ड की घटना हो रही है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने शुरू में पीड़ित पक्ष को संवेदना के सुनने के बजाए उन्हें ही डांट-फटकार दिया. अब विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी घटना पर पुलिस के सख्त एक्शन लेने की मांग की है.