Giridih News: गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक राहगीर से मोबाइल और नकदी झपट कर भाग रहे दो अपराधियों को ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता से रंगेहाथ पकड़ लिया गया। यह घटना रविवार शाम लगभग 4 बजे की है जब जमुआ चौक पर एक व्यक्ति फल खरीद रहा था, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसके हाथ से OPPO A54 स्मार्टफोन और नकद ₹2000 झपट लिया।
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से दोनों आरोपियों को पीछा कर जमुआ प्रखंड मुख्यालय के मुख्य द्वार के पास धर दबोचा गया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान गंगा कुमार पिता मनोज विश्वकर्मा एवं विष्णु विश्वकर्मा पिता महेश विश्वकर्मा, दोनों ग्राम सुरही, थाना नावाडीह, जिला बोकारो के रूप में हुई है। इस संबंध में सोमवार को खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने प्रेस वार्ता आयोजित कर दी जानकारी
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में गंगा कुमार की जेब से झपटा गया मोबाइल फोन व ₹2000 नकद के साथ-साथ अन्य पीड़ितों से छीने गए ₹7400 (कुल-9400रुपये) बरामद किए गए। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने झपटमारी की कई अन्य घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की।
वहीं बताया गया कि पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खोरीमहुआ राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। छापेमारी के क्रम में अभियुक्तों की निशानदेही पर ग्राम जगर्नाथडीह में देव पासवान के किराए के मकान से चोरी के 6 महंगे स्मार्टफोन बरामद किए गए। साथ ही झपटमारी के दौरान उपयोग में लाई गई मोटरसाइकिल (JH-11AU-7824) को भी पुलिस ने जब्त की है।