JMM Leaders Raised Demand: जमशेदपुर अंचल क्षेत्र के अंतर्गत मौजा कालीमाटी, थाना नंबर 1163 के खाता संख्या 02 से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अनुसूचित जनजाति समुदाय के कुना हो सहित अन्य आदिवासी रैयतों की जमीन को छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम का उल्लंघन करते हुए गैर-जनजातीय लोगों के नाम पर ट्रांसफर कर दिया गया है।
इस मुद्दे को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला संयोजक मंडली के सदस्य और वरिष्ठ नेता सागेन पूर्ति तथा पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू ने जमशेदपुर के अंचल अधिकारी से मुलाकात की और भूमि से संबंधित दस्तावेज सौंपते हुए जल्द जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं सागेन पूर्ति ने कहा कुना हो जैसे आदिवासी जाति की पहचान को हटा कर जिस तरह ज़मीन की खरीद-बिक्री की जा रही है, वह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आदिवासी अधिकारों पर सीधा हमला है। हमने ये मामला पहले भी 2023-24 के बजट सत्र में मंत्री रामदास सोरेन के माध्यम से विधानसभा में उठाया था। सरकार ने जांच का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।"
पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू ने कही यह साफ है कि विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इस तरह का गैरकानूनी हस्तांतरण संभव नहीं है। हम चाहते हैं कि जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस मामले को लेकर अब झामुमो नेता सख्त रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। सवाल यह है कि आदिवासी हितों की रक्षा के लिए बने कानूनों के बावजूद ज़मीनी स्तर पर इन्हें किस हद तक दरकिनार किया जा रहा है? क्या अब सरकार और प्रशासन सख्त कदम उठाएंगे।