Jamshedpur: जमशेदपुर में टाटा स्टील परिसर स्थित जापानी कंपनी निप्पन स्टील और टाटा स्टील की संयुक्त साझेदारी वाली उद्यम जेसीएपीसीपीएल के कमचारियों के वेज रिवीजन पर बुधवार देर रात यूनाइडेट क्लब में प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता हस्ताक्षरित हो गया। समझौते के तहत कमचारियों के वेतन में प्रति माह 14 हजार रुपये की वृद्धि हुई है।
यह समझौता सात वर्ष की अवधि के लिए जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2030 तक के लिए प्रभावी होगा। कर्मचारियों के 1 जनवरी के शत-प्रतिशत डीए (महंगाई भत्ता) को बेसिक में मर्ज कर दिया गया। प्रति कर्मचारी दो लाख रुपये एरियर मिलेगा, जिसे सितंबर के पहले भुगतान कर दिया जाएगा। समझौते पर प्रबंधन की ओर से एमडी अभिजीत नानोती, सीएचआरओ एके सिंह, एजीएम तौसीफ, सीएफओ प्रवीण हेगड़े तथा यूनियन की ओर से अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष शाहनवाज आलम,महासचिव रवि कुमार समेत अन्य ने हस्ताक्षर किए।
कन्वीनियंस अलाउंस में 1200 रुपये, पर्सनल अलाउंस में 2170 रुपये, वाशिंग अलाउंस में 1700 रुपये की वृद्धि की गई है। नया भत्ता एजुकेशन भत्ता के रूप शुरू किया गया, जो 1300 रुपये प्रति माह मिलेगा। रात्रि पाली भत्ता 80 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये प्रति रात्रि पाली किया गया। एलटीए प्रति ब्लॉक वर्ष 22000 रुपये से बढ़ाकर 28000 रुपये किया गया। कर्मचारियों के लिए टीपीआर की तरह पर्सनल रिवार्ड शुरू किया गया, जिसके तहत प्रति माह औसतन 1500 रुपये मिलेंगे। कर्मचारियों के प्रोमोशन को आगे बढ़ाने के लिए तीन नए ग्रेड भी बढ़ाया गया। यानी वैसे कर्मचारी, जिनका ठहराव हो गया है, उनकी प्रोन्नति के लिए तीन ग्रेड आगे बढ़ाया गया है।
जेसीएपीसीएल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने कहा कि कर्मचारियों की अपेक्षा से बेहतर वेज रिवीजन समझौता हुआ है। प्रबंधन की सकारात्मक सोच भी इस समझौते का आधार है। यूनियन आगे भी कर्मचारियों के हित में बेहतर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों को धन्यवाद, जिन्होंने यूनियन पर विश्वास जताया।