Jharkhand High Court New Judges: झारखंड हाई कोर्ट को तीन नए जज मिलने जा रहे हैं. राज्य के तीन प्रधान जिला जज 23 सितंबर को हाई कोर्ट के जज के रूप में शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10:15 बजे आयोजित किया जाएगा. चीफ जस्टिस एमएस सोनक तीनों नए जजों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे.
हाई कोर्ट में समारोह की तैयारी
शपथ ग्रहण को लेकर हाई कोर्ट के ग्राउंड फ्लोर पर तैयारियां चल रही हैं. तीनों जजों की नियुक्ति से संबंधित वारंट हाई कोर्ट को मिल चुका है. राजभवन से अनुमति मिलने के बाद शपथ की तारीख तय की गई है. भारत सरकार की ओर से कुछ दिन पहले ही नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई थी.
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दी थी मंजूरी
तीनों प्रधान जिला जजों को हाई कोर्ट में नियुक्त करने की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सहमति के बाद आगे बढ़ी. इसके बाद केंद्र सरकार ने नियुक्ति से जुड़ी अधिसूचना जारी की और अब शपथ ग्रहण की तैयारी पूरी की जा रही है.
ये तीन PDJ बनेंगे हाई कोर्ट जज
हाई कोर्ट के जज बनने वाले तीन प्रधान जिला जजों में मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा शामिल हैं. मनोज प्रसाद फिलहाल गढ़वा में प्रधान जिला जज के पद पर कार्यरत हैं. वहीं अखिल कुमार साहेबगंज और राम शर्मा डालटनगंज में PDJ के पद पर तैनात हैं.