Jharkhand News: झारखंड में खनिज और भूवैज्ञानिक नमूनों की जांच के लिए आधुनिक Research Microscope खरीदा जाएगा. भूतत्व निदेशालय ने इसके लिए NIT संख्या 01/2026-27 के तहत निविदा जारी की है. माइक्रोस्कोप के जरिए नमूनों की जांच के साथ प्रयोगशाला में शोध का काम भी किया जाएगा.
कैमरा और सॉफ्टवेयर से लैस होगा माइक्रोस्कोप
खरीदे जाने वाले Research Microscope में कैमरा और जांच से जुड़ा सॉफ्टवेयर लगा होगा. इसका इस्तेमाल भूवैज्ञानिक और खनिज नमूनों की बारीकी से जांच करने के लिए किया जाएगा. प्रयोगशाला में रिसर्च के काम में भी इसका इस्तेमाल होगा. फिलहाल एक माइक्रोस्कोप खरीदने की योजना है. जरूरत पड़ने पर तय दर पर एक और माइक्रोस्कोप भी खरीदा जा सकता है.
कंपनियों के लिए रखी गईं शर्तें
टेंडर में तकनीकी और वित्तीय निविदा अलग-अलग जमा करनी होगी. कंपनियों से इसके लिए कोई निविदा शुल्क नहीं लिया जाएगा. टेंडर में हिस्सा लेने वाली कंपनी का पिछले तीन वित्तीय वर्षों का औसत सालाना कारोबार कम से कम 50 लाख रुपये होना चाहिए. वहीं, मूल उपकरण निर्माता कंपनी का औसत कारोबार कम से कम 1 करोड़ रुपये होना जरूरी है. कंपनी की नेट वर्थ भी सकारात्मक होनी चाहिए.
90 दिन में करनी होगी आपूर्ति
चयनित कंपनी को आदेश मिलने के 90 दिनों के भीतर माइक्रोस्कोप की आपूर्ति करनी होगी. उपकरण पर 5 साल की व्यापक वारंटी देनी होगी. इसके साथ 3 साल का रखरखाव अनुबंध भी देना होगा. टेंडर हासिल करने वाली कंपनी को कुल अनुबंध राशि का 2 प्रतिशत सुरक्षा राशि के रूप में जमा करना होगा. टेंडर से जुड़ा आवेदन भूविज्ञान निदेशालय, इंजिनियर्स हॉस्टल नंबर-2, दूसरी मंजिल, धुर्वा, रांची में जमा किया जाएगा.