Jharkhand News: झारखंड के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के लिए सरकार ने 42 करोड़ 86 लाख 40 हजार 500 रुपये का अतिरिक्त बजट जारी किया है. यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के जरूरी खर्चों को पूरा करने के लिए दी गई है. जारी बजट में सबसे बड़ी राशि कर्मचारियों के वेतन के लिए रखी गई है. इसके लिए 14 करोड़ 50 लाख 19 हजार रुपये जारी किए गए हैं. दवाओं और जरूरी चिकित्सा सामग्री की खरीद के लिए 8 करोड़ 95 लाख रुपये दिए गए हैं.
छात्रवृत्ति और संविदा कर्मियों के लिए भी राशि
छात्रवृत्ति और वजीफा देने के लिए 8 करोड़ 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है. वहीं, संविदा कर्मचारियों के भत्ते के लिए 6 करोड़ 51 लाख 69 हजार रुपये जारी किए गए हैं. इसके अलावा कार्यालय उपकरण खरीदने के लिए 95 लाख 10 हजार रुपये दिए गए हैं. कार्यालय की जरूरी सामग्री पर 2 करोड़ 84 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. बिजली के खर्च के लिए 47 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है.
MGM समेत कई सरकारी संस्थानों को मिलेगा बजट
यह अतिरिक्त राशि एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर, पाटलिपुत्र मेडिकल कॉलेज धनबाद, सदर अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को दी जाएगी. इससे अस्पतालों के नियमित खर्च और जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं को चलाने में मदद मिलेगी.
दवाओं की खरीद के लिए तय किए गए नियम
स्वास्थ्य विभाग ने दवाओं की खरीद को लेकर अस्पतालों को स्पष्ट निर्देश भी दिए हैं. दवाओं की खरीद ई-टेंडर या सरकारी ई-बाजार के माध्यम से करनी होगी. अस्पतालों में सांप और कुत्ते के काटने के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है.
मौसम के हिसाब से दवाएं रखने का निर्देश
मौसम के अनुसार होने वाली बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली जरूरी दवाएं भी अस्पतालों में उपलब्ध रखनी होंगी. अस्पताल केवल जरूरी दवाओं की सूची में शामिल दवाओं की ही खरीद कर सकेंगे. वहीं, खरीदी जाने वाली दवाओं की कम से कम 80 प्रतिशत उपयोग अवधि बाकी होनी चाहिए.