Seraikela News: सरायकेला के सिनी स्तिथ संत जेवियर स्कूल में शनिवार को विधिक जागरूकता और करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में सिनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और करियर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं.
बच्चों को बाल अधिकार और पॉक्सो एक्ट की जानकारी
ओपी प्रभारी ने कहा कि विद्यार्थियों को छोटी उम्र से ही कानून की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए. उन्होंने बच्चों को बाल अधिकार, पॉक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच के बारे में समझाया. उन्होंने साइबर अपराध और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी विद्यार्थियों को सतर्क किया. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की.
नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति और यातायात नियमों पर भी चर्चा हुई. विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया. विनय कुमार सिंह ने आपात स्थिति में डायल 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की मदद लेने की जानकारी भी दी.
पुलिस और प्रशासनिक सेवाओं में करियर को लेकर मार्गदर्शन
विधिक जागरूकता के साथ विद्यार्थियों को करियर को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया. ओपी प्रभारी ने पुलिस, सेना और प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने की संभावनाओं के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए अनुशासन, ईमानदारी और लगातार पढ़ाई जरूरी है. कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. स्कूल प्रबंधन ने सिनी पुलिस की ओर से आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की.