Ghatshila Road Accident: पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में गुरुवार शाम बड़ा सड़क हादसा हुआ. तमलुक के पास जर्जर सड़क पर एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई. बाइक पर तीन लोग सवार थे. हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जमशेदपुर के MGM अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में दो घायलों की मौत
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दो घायलों का इलाज शुरू किया गया. इनमें से एक घायल ने देर रात करीब 2 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में मरने वाले एक युवक की पहचान बसु बास्के के रूप में हुई है. दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है.
बाइक चालक की हालत गंभीर
हादसे में घायल बाइक चालक रथु की हालत गंभीर बताई जा रही है. उसका MGM अस्पताल में इलाज चल रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ. बाइक तमलुक के पास सड़क की खराब हालत के कारण अनियंत्रित होकर फिसल गई थी.
पुलिस कर रही हादसे की जांच
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. पुलिस दूसरे मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है. स्थानीय लोगों ने इलाके की खराब सड़क को लेकर चिंता जताई है. उनका कहना है कि सड़क पर गड्ढों और खराब हालत के कारण हादसे का खतरा बना रहता है. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के पूरे कारणों की जांच कर रही है.