Seraikela ED Raid: सरायकेला-खरसावां के करीब 35 करोड़ रुपये के सहकारी बैंक ऋण घोटाले में ED की छापेमारी शुक्रवार को दोपहर तक जारी रही. पहले से चल रही जांच के बीच टीम ने संजय डालमिया के पटनायक टोला स्थित घर में कई दस्तावेजों और सामान की पड़ताल की.
मेटल अलमारियों को कटर से काटकर खोला
जांच के दौरान ED अधिकारियों ने घर में रखी कुछ मेटल अलमारियों को कटर की मदद से खुलवाया. इसके बाद उनमें रखे दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच की गई. दोपहर करीब दो बजे तक ED की टीम आवास के अंदर मौजूद थी. सुरक्षा को देखते हुए घर के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहा.
कई ठिकानों तक पहुंचने की सूचना
सूत्रों के मुताबिक, ED की कार्रवाई सरायकेला स्थित संजय डालमिया के आवास के अलावा अन्य ठिकानों तक भी पहुंची है. बिष्टुपुर के कॉन्ट्रैक्टर एरिया स्थित उनके किराए के मकान में भी छापेमारी की सूचना है. इसके अलावा कदमा में उनके भाई शंभू डालमिया के घर और धनबाद स्थित उनके ससुराल में भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है. हालांकि इन सभी जगहों पर छापेमारी की ED ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पुराने सहकारी बैंक ऋण मामले की जांच
ED की यह कार्रवाई वर्ष 2017-18 में सामने आए करीब 35 करोड़ रुपये के सहकारी बैंक ऋण घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है. इस मामले में संजय डालमिया, तत्कालीन ब्रांच मैनेजर सुनील सतपति समेत अन्य आरोपियों को ACB की अदालत से सजा मिल चुकी है. फिलहाल संबंधित आरोपी जमानत पर हैं. ED अब कथित घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की जांच कर रही है.
ED के आधिकारिक बयान का इंतजार
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर तक चलती रही. इलाके में भी इसको लेकर हलचल बनी रही. हालांकि ED की ओर से अभी तक छापेमारी में क्या मिला, कार्रवाई का विस्तृत कारण क्या है और दूसरे ठिकानों पर हुई कार्रवाई की स्थिति क्या है, इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.