Jharkhand News: झारखंड में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट चुके नक्सलियों के पुनर्वास से जुड़े मामलों की अब पुलिस मुख्यालय समीक्षा करेगा. इसके लिए विशेष शाखा ने संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. रिपोर्ट के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों को अब तक कितनी सरकारी सुविधाएं मिली हैं और किन मामलों में लाभ अभी लंबित है.
जिलों से मांगी गई लाभ की पूरी जानकारी
पुलिस मुख्यालय ने जिलों से आत्मसमर्पित नक्सलियों को अब तक दिए गए पुनर्वास लाभ का ब्योरा मांगा है. साथ ही यह भी बताने को कहा गया है कि किन लोगों को अभी तक निर्धारित सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं. इसके अलावा आत्मसमर्पण करने वाले लोगों की व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी भी रिपोर्ट में शामिल करने का निर्देश दिया गया है.
आधार और बैंक खाते की जानकारी भी देनी होगी
विशेष शाखा ने जिलों को तय फॉर्मेट में पूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है. रिपोर्ट के साथ संबंधित लोगों के आधार कार्ड, बैंक खाता और वोटर कार्ड की प्रतियां भी भेजने का निर्देश दिया गया है. पुलिस मुख्यालय ने सभी दस्तावेजों और तैयार की गई सूची का आपस में मिलान कर सही जानकारी भेजने को कहा है.
समीक्षा बैठक से पहले तैयार होगी रिपोर्ट
पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लंबित पुनर्वास लाभ को लेकर समीक्षा बैठक प्रस्तावित है. बैठक से पहले जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर यह देखा जाएगा कि कितने मामलों में सरकारी सुविधाएं लंबित हैं. इसके बाद लंबित मामलों को लेकर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी.