Ranchi SSC Exam: कर्मचारी चयन आयोग की चरण XIV/2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने रांची के तीन परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की है. परीक्षा 16 से 26 सितंबर तक आयोजित होगी. प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त तरीके से कराना है.
16 से 26 सितंबर तक लागू रहेगा आदेश
अनुमंडल दंडाधिकारी सदर रांची कुमार रजत ने BNSS की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है. तीनों परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में यह निषेधाज्ञा लागू रहेगी. आदेश के मुताबिक, 16 से 26 सितंबर तक रोज सुबह 5 बजे से रात 9:30 बजे तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा. 20 सितंबर को इससे छूट दी गई है.
पांच या उससे अधिक लोगों के जमा होने पर रोक
निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के अंदर पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने की अनुमति नहीं होगी. इस दौरान लाउडस्पीकर बजाने पर भी रोक रहेगी.
इसके अलावा हथियार या हरवे-हथियार लेकर चलने और किसी तरह की बैठक या सभा करने की भी अनुमति नहीं होगी. हालांकि सरकारी कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे.
इन तीन केंद्रों पर होगी परीक्षा
रांची में SSC चरण XIV/2026 की परीक्षा तीन केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.
Ideal International School, Daladili
Capstone Tech Online Examination Centre, Kanke
Cambridge Institute of Technology, Tatisilwai
परीक्षा तीन पालियों में सुबह 8 बजे से शाम 6:30 बजे तक होगी. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल, पुलिस अधिकारियों और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है.