Jharkhand Police Promotion: झारखंड पुलिस में इंस्पेक्टर से DSP रैंक में प्रमोशन का इंतजार कर रहे 25 अधिकारियों की प्रक्रिया अभी आगे नहीं बढ़ सकी है. गृह विभाग के पत्र के करीब दो महीने बाद भी पुलिस मुख्यालय की ओर से जरूरी जानकारी और अधिकारियों का मनोनयन सरकार को नहीं भेजा गया है.
21 जुलाई को भेजा गया था पत्र
गृह विभाग ने 21 जुलाई को पुलिस मुख्यालय को पत्र भेजकर प्रमोशन प्रक्रिया के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा था. इसमें संबंधित अधिकारियों का मनोनयन भी शामिल था. पुलिस मुख्यालय से जानकारी नहीं मिलने के कारण प्रमोशन समिति की बैठक की तारीख भी तय नहीं हो पा रही है.
19 से बढ़कर 25 हुई रिक्तियां
गृह विभाग के अनुसार, पहले इंस्पेक्टर से DSP प्रमोशन के लिए 19 पद रिक्त थे. अब रिक्त पदों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है. इनमें सामान्य वर्ग के 14, अनुसूचित जनजाति के 8 और अनुसूचित जाति के 3 पद शामिल हैं.
इन दस्तावेजों की भी भेजनी है जानकारी
पुलिस मुख्यालय को इंस्पेक्टर और सार्जेंट मेजर रैंक के अधिकारियों का मनोनयन भेजना है. इसके साथ अधिकारियों की वरीयता सूची और पिछले पांच वर्षों की ACR भी उपलब्ध करानी है. इसके अलावा आरोप, विभागीय कार्रवाई, सजा, आपराधिक मामलों और निगरानी से जुड़े प्रमाण पत्र भी भेजे जाने हैं.
रिटायरमेंट को लेकर बढ़ी चिंता
प्रमोशन में देरी से संबंधित इंस्पेक्टरों में चिंता बढ़ रही है. अधिकारियों को आशंका है कि प्रक्रिया में ज्यादा समय लगने पर कुछ पुलिसकर्मी रिटायर हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में उन्हें DSP रैंक में प्रमोशन का मौका नहीं मिल पाएगा और वे इंस्पेक्टर पद से ही सेवानिवृत्त हो जाएंगे.