Tata Steel UISL Bonus: Tata Steel UISL के कर्मचारियों के लिए बोनस को लेकर सोमवार को कंपनी प्रबंधन और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज श्रमिक यूनियन के बीच समझौता हो गया. इस साल कर्मचारियों को 17.85 फीसदी बोनस देने पर सहमति बनी है. समझौते के मुताबिक कर्मचारियों को न्यूनतम 33,176 रुपये और अधिकतम 34,23,294 रुपये बोनस मिलेगा. कंपनी के अनुसार, बोनस की राशि इसी महीने कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी.
तीन साल के बोनस का रोडमैप भी तय
इस बार बोनस समझौते में केवल मौजूदा साल का भुगतान ही तय नहीं हुआ है. अगले तीन वर्षों के लिए बोनस के फार्मूले और भुगतान की व्यवस्था का रोडमैप भी तैयार किया गया है. इस साल का बोनस मौजूदा फार्मूले के आधार पर तय किया गया है. वहीं आने वाले तीन वर्षों में बोनस किस व्यवस्था के तहत दिया जाएगा, इसे भी पहले से तय कर लिया गया है.
समझौते में प्रबंधन के अधिकारी रहे मौजूद
कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, सीनियर जीएम विजय प्रकाश सिंह, जीएम संजय कुमार, जीएम राकेश कुमार श्रीवास्तव, जीएम रविंद्र कुमार सिंह और जीएम संजीव कुमार झा मौजूद रहे. इसके अलावा चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर ज्योति प्रकाश और सीएचआरओ देवी प्रसाद पंथाला ने भी समझौते पर हस्ताक्षर किए.
यूनियन की ओर से इन पदाधिकारियों ने किए हस्ताक्षर
यूनियन की ओर से अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष अमरनाथ तिवारी, डिप्टी प्रेसीडेंट रविकांत शुक्ला, उपाध्यक्ष पिंटू शर्मा, अखिलेश कुमार राय और दिनेश कुमार महतो मौजूद रहे. महासचिव सीडीएस कृष्णन, सहायक सचिव संजू महतो, अवध किशोर सिंह और कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह ने भी समझौते पर हस्ताक्षर किए.
वेज रिवीजन पर भी चल रही बातचीत
यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने बताया कि कर्मचारियों के वेज रिवीजन को लेकर कंपनी प्रबंधन के साथ बातचीत जारी है.
उन्होंने कहा कि यूनियन की कोशिश है कि वेज रिवीजन का समझौता भी इसी महीने पूरा कर लिया जाए.