Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास रविवार देर रात को ट्रक का शीशा टूटने के बाद विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते दोनों पक्ष सड़क पर ही आपस में भिड़ गए. हंगामे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा. करीब आधे घंटे तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
पत्थर मारकर शीशा तोड़ने का आरोप
ट्रक चालक देवेंद्र के अनुसार, एक स्कूटी सवार युवक दूसरी स्कूटी पर जा रही लड़की को धक्का मारकर आगे ले जा रहा था. उसी दौरान देवेंद्र अपने ट्रक से स्कूटी को ओवरटेक कर रहे थे.
देवेंद्र का आरोप है कि इसी बात को लेकर युवक ने उन्हें गाली दी. गाली देने से मना करने पर युवक ने पत्थर मारकर ट्रक का शीशा तोड़ दिया.
पुलिस के सामने भी भिड़े दोनों पक्ष
ट्रक का शीशा टूटने के बाद चालक समेत अन्य लोग सड़क पर जमा हो गए और जाम कर हंगामा शुरू कर दिया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हो गई. सूचना मिलने पर पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा. पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्ष पुलिस के सामने ही फिर से भिड़ गए.
दोनों पक्षों को थाने ले गई पुलिस
स्थिति को देखते हुए पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले गई. फिलहाल पुलिस पूरे विवाद की जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार, घटना के कारणों और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.