Jamshedpur News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत जिले में दावा-आपत्ति प्राप्त करने और उनके निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जमशेदपुर सदर प्रखंड में संचालित दावा-आपत्ति सुनवाई की प्रगति का निरीक्षण किया।
इस दौरान ईआरओ सह एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित एईआरओ और अन्य कर्मी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों से दावा-आपत्ति के लिए प्राप्त आवेदनों, उनके निष्पादन और मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
गोलमुरी में होम टू रोल वेरिफिकेशन का लिया जायजा
क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गोलमुरी क्षेत्र में होम टू रोल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं से संवाद कर बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों का सत्यापन कर रहे हैं।
अभियान का उद्देश्य एक ही परिवार और एक ही घर में रहने वाले मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज करना तथा किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहने देना है।
मतदाताओं से विवरण जांचने की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ और संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सही और निष्पक्ष सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाताओं से अपने और परिवार के सदस्यों के नाम व अन्य विवरणों की जांच करने की अपील की गई।
किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति होने पर मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित दावा-आपत्ति सुनवाई स्थल पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।