Delhi High Court: भारतीय अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान विनेश फोगाट की मैट पर वापसी की राह में बड़ा अड़ंगा आ गया है. 2026 सीनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए होने वाले राष्ट्रीय ट्रायल में उन्हें उतरने की अनुमति नहीं मिली है. दिल्ली हाईकोर्ट ने 14 सितंबर के ट्रायल में शामिल होने के लिए उन्हें मौजूदा नियमों से अलग कोई विशेष छूट देने से इनकार कर दिया है.
कोर्ट के फैसले से विनेश की राह मुश्किल
मां बनने के बाद कुश्ती में वापसी कर रहीं विनेश के लिए यह फैसला विश्व चैंपियनशिप में खेलने की उम्मीदों को बड़ा झटका माना जा रहा है. मामले की सुनवाई जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत में हुई. कोर्ट ने कहा कि विनेश को मौजूदा नियमों से अलग जाकर विशेष छूट नहीं दी जा सकती. इस फैसले के बाद विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में उनके चयन की संभावना फिलहाल खत्म होती दिख रही है.
ओलंपिक में तीन बार भारत का किया प्रतिनिधित्व
विनेश ने जुलाई 2025 में बच्चे को जन्म दिया था. इसके बाद उन्होंने मातृत्व अवकाश पूरा किया और दोबारा कुश्ती में लौटने का फैसला किया. कोर्ट अब इस मामले से जुड़े बड़े सवालों पर विचार करेगा. इसमें मां बनने के बाद महिला खिलाड़ियों की खेल में वापसी और चयन नियमों के बीच संतुलन का मुद्दा भी शामिल है. विनेश तीन बार ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं. उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में तीन स्वर्ण पदक जीते हैं. विश्व चैंपियनशिप में उनके नाम दो कांस्य पदक हैं. एशियाई खेल और एशियाई चैंपियनशिप में भी वह स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं. 2024 पेरिस ओलंपिक में विनेश फाइनल तक पहुंची थीं. हालांकि, तय वजन सीमा से अधिक होने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था.