Chakradharpur Crime News: चक्रधरपुर के दलकी-02 गांव में 65 वर्षीय महिला के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. महिला को डायन बताकर उसके साथ मारपीट करने का आरोप है. पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
महिला के बयान पर दर्ज हुआ केस
पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था. मामला 9 सितंबर 2026 को दर्ज हुआ. मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के साथ डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उन्होंने बताया कि सीमा मुण्डारी की तबीयत खराब थी. इसी को लेकर पीड़िता पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया गया और गुस्से में उसके साथ मारपीट की गई.
गांव में पहुंचकर पुलिस ने की छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई थी. टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने किया. SDPO सहायक पुलिस अधीक्षक डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में टीम दलकी-02 गांव पहुंची. पुलिस ने नामजद आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर चारों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीमा मुण्डारी उर्फ चिकनी मुण्डारी, नन्दलाल मुण्डारी उर्फ नीलु मुण्डारी, बाया मुण्डारी उर्फ लुदु मुण्डारी और राजू मुण्डारी उर्फ मोटु मुण्डारी के रूप में हुई है.
चारों का नहीं मिला आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक इतिहास नहीं है. छापेमारी टीम में SDPO डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पुअनि प्रिया लक्ष्मी टुडू, सअनि बिरबल चौबे और सअनि दिलीप कुमार शामिल थे.