Sahibganj Crime News: झारखंड के साहिबगंज जिले में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है. घटना रांगा थाना क्षेत्र के विशनपुर गांगु टोला की है. आरोप है कि पति धोना किस्कू ने अपनी पत्नी दुल्हन हेम्ब्रम की बेरहमी से पिटाई की. इसके बाद उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी शव को ससुराल के आंगन में छोड़कर भाग गया.
सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. 8 सितंबर से पत्नी के साथ मारपीट मृतका के चाचा और गांव के प्रधान ढेपांग हेम्ब्रम के अनुसार, आरोपी 8 सितंबर से ही पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था. उस समय ग्रामीणों ने बीच बचाव किया था. पंचायत भी बुलाई गई थी. पंचायत में आरोपी को इलाज कराने की हिदायत दी गई थी. इसके बाद मामला शांत हो गया था.
अगले दिन फिर शुरू हुई मारपीट
9 सितंबर की शाम करीब 4 बजे आरोपी ने फिर पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की. आरोप है कि इसके
बाद आरोपी पत्नी को घसीटकर घर के अंदर ले गया. उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया. देर रात तक अंदर से चीखने की आवाजें आती रहीं.
आंगन में मिला महिला का शव
अगली सुबह महिला का शव उसके चाचा के घर के आंगन में मिला. घटना की जानकारी मिलते ही रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया. महिला की मौत के बाद उसके दो बच्चों का भी रो रोकर बुरा हाल है.
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
रांगा थाना प्रभारी अखिलेश यादव ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब मामले के बाकी पहलुओं की जांच कर रही है.