JSSC CGL Paper Leak CID Investigation: JSSC CGL पेपर लीक और सेटिंग मामले की जांच अब कोडरमा के डोमचांच तक पहुंच गई है. CID की टीम ने देर रात डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान टीम ने कुछ लोगों से पूछताछ की. पूछताछ के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया. दोनों को CID अपने साथ रांची ले गई.
रांची में हो रही पूछताछ
हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से रांची में पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आ रही है. हालांकि, उनकी पहचान और मामले में भूमिका को लेकर CID की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
पेपर लीक नेटवर्क की तलाश में जांच
CID की यह कार्रवाई JSSC CGL मामले की चल रही जांच का हिस्सा बताई जा रही है. जांच एजेंसी परीक्षा में पेपर लीक, अभ्यर्थियों की सेटिंग और प्रश्न-उत्तर उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. इसी कड़ी में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है.
कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा
गोलवाढाब से दो लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, दोनों की भूमिका को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. CID की जांच आगे बढ़ने के बाद ही इस मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.