Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-10

Ranchi News: कोलकाता में सरेंडर करने वाले तीन माओवादियों का रिकॉर्ड, सचिन-मीता-गौरी पर दर्ज हैं कई मामले

Ranchi News: झारखंड में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच कोलकाता में तीन प्रमुख माओवादी नेताओं के आत्मसमर्पण के बाद सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान उनके आपराधिक रिकॉर्ड पर है। सरेंडर करने वालों में रीजनल कमिटी सदस्य रामप्रसाद मार्डी उर्फ सचिन, जोनल कमिटी सदस्य मीता उर्फ नयनतारा और सबजोनल कमिटी सदस्य गौरी उर्फ बुल्लू शामिल हैं।


पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, तीनों लंबे समय से झारखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं। इनके खिलाफ हत्या, सुरक्षा बलों पर हमले, मुठभेड़ और आईईडी विस्फोट से जुड़े कई मामले दर्ज होने की जानकारी है।

15 लाख के इनामी रामप्रसाद पर 44 मामले

जमशेदपुर के पटमदा क्षेत्र के झुझका निवासी रामप्रसाद मार्डी उर्फ सचिन माओवादी संगठन में रीजनल कमिटी सदस्य के रूप में सक्रिय था। झारखंड सरकार ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ कुल 44 मामले दर्ज हैं।

सचिन से जुड़े मामलों में मार्च 2026 की घटना भी शामिल है। चाईबासा के मनोहरपुर, छोटानागरा और जराईकेला सीमा क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ के दौरान कोबरा जवान विक्रम यादव घायल हुए थे। इसके बाद हुए आईईडी विस्फोट में कोबरा के सहायक समादेष्टा अजय मल्लिक और हवलदार संजय कुमार के घायल होने की जानकारी है।

सितंबर 2024 में जराईकेला के तिरिलपोसी जंगल में अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में कोबरा की बीडीएस टीम के जवान आर. सुगुमार घायल हुए थे। जनवरी 2023 में टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका जंगल में मुठभेड़ और आईईडी विस्फोट में कोबरा के नौ जवान घायल हुए थे। इन मामलों में भी सचिन का नाम सामने आया था।


मीता पर 10 लाख का इनाम, 19 मामलों में नाम

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया क्षेत्र की रहने वाली मीता उर्फ नयनतारा माओवादी संगठन में जोनल कमिटी सदस्य के तौर पर सक्रिय थी। वह रामप्रसाद मार्डी की पत्नी है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ 19 मामले दर्ज हैं और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

मीता का नाम सितंबर 2024 के तिरिलपोसी आईईडी विस्फोट और जनवरी 2023 के तुम्बाहाका जंगल में हुई घटना से जुड़े मामलों में सामने आया है। इसके अलावा एमजीएम, घाटशिला, बोड़ाम, कुचाई और जराईकेला थाना क्षेत्रों में दर्ज कई मामलों में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।

गौरी के खिलाफ 18 मामले, कई आईईडी घटनाओं में नाम

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम क्षेत्र की रहने वाली गौरी उर्फ बुल्लू उर्फ जोबा माओवादी संगठन में सबजोनल कमिटी सदस्य रही है। वह माओवादी मदन महतो उर्फ चरण की पत्नी बताई जाती है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गौरी के खिलाफ 18 मामले दर्ज हैं।

नवंबर 2025 में चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुलापुबुरू सारंडा वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद हथियार, कारतूस, आईईडी और अन्य सामान बरामद किया गया था। इसी अवधि में बलिबा और बाबुडेरा के बीच हुए आईईडी विस्फोट में कोबरा का प्रशिक्षित डॉग मारा गया था और एक जवान घायल हुआ था।

अक्टूबर 2025 में जराईकेला के समठा वन क्षेत्र में आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर कौशल कुमार मिश्रा घायल हुए थे। तलाशी अभियान के दौरान हुए दूसरे विस्फोट में एसआई रामचंद्र गोगई घायल हुए, जबकि इलाज के दौरान हेड कांस्टेबल महेंद्र लश्कर की मौत हो गई थी।

तीनों के आत्मसमर्पण को झारखंड में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। इनके खिलाफ दर्ज मामलों और लंबे समय से सक्रियता को देखते हुए आत्मसमर्पण के बाद संगठन की गतिविधियों और नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जांच एजेंसियों के लिए अहम हो सकती है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !