Koderma: कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र के ईटाय टांड गांव में बुधवार देर शाम खेत से एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में मातम छा गया. मृतका की पहचान ईटाय निवासी स्वर्गीय हृदय नारायण सिंह की पत्नी उर्मिला देवी (65) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी बुधवार सुबह करीब 9 बजे घर से खेत में सब्जी तोड़ने के लिए निकली थीं. काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की.
पूरे दिन होती रही महिला की तलाश
परिजनों और रिश्तेदारों ने आसपास के इलाकों में काफी देर तक खोजबीन की. इसके बावजूद उर्मिला देवी का कोई पता नहीं चला. देर शाम एक ग्रामीण ईटाय टांड के खेत से गुजर रहा था. इसी दौरान उसकी नजर खेत में अचेत पड़ी एक महिला पर गई. उसने तुरंत ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे. मौके पर पहुंचे परिजनों ने महिला की पहचान उर्मिला देवी के रूप में की. इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने शव को खेत से उठाकर घर पहुंचाया. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जहरीले जीव के काटने की आशंका
ग्रामीणों और परिजनों ने आशंका जताई है कि खेत में सब्जी तोड़ने के दौरान किसी जहरीले जीव ने उर्मिला देवी को काट लिया होगा. फिलहाल महिला की मौत की सही वजह स्पष्ट नहीं है. ग्रामीणों की ओर से जताई गई जहरीले जीव के काटने की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है.