Ranchi Minor Rape Case: रांची के मांडर में फेसबुक पर फर्जी नाम से नाबालिग से दोस्ती और दुष्कर्म के आरोपी राज सिंह उर्फ राज टोप्पो की सजा पर गुरुवार को सुनवाई होनी थी. आरोपी के कोर्ट में उपस्थित नहीं होने और फरार रहने के कारण सुनवाई टल गई. अब इस मामले में अगली सुनवाई 18 सितंबर को होगी. यह मामला 15 नवंबर 2022 का है. घटना को लेकर मांडर थाना में कांड संख्या 155/2022 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की पहली सुनवाई 16 नवंबर 2022 को हुई थी.
फेसबुक पर फर्जी नाम से बनाई थी पहचान
प्राथमिकी के अनुसार, मांडर थाना क्षेत्र के गुड़गुड़जारी गांव निवासी मनोज सिंह का बेटा राज सिंह दो बच्चों का पिता है. आरोप है कि उसने फेसबुक पर राज टोप्पो के नाम से फर्जी आईडी बनाई. इसी आईडी के जरिए उसने नाबालिग से दोस्ती की. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और मुलाकात होने लगी. इसी दौरान आरोपी नाबालिग को घूमाने के बहाने बेंगलुरु ले गया.
बेंगलुरु में दुष्कर्म का आरोप
नाबालिग ने प्राथमिकी में आरोप लगाया कि बेंगलुरु में राज सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया. वापस लौटने के बाद भी दोनों के बीच शारीरिक संबंध जारी रहे. कुछ समय बाद नाबालिग गर्भवती हो गई. इसके बाद उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया.
शादी का भरोसा देकर कराया गर्भपात
प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपी ने नाबालिग से कहा कि बालिग होने के बाद वह उससे शादी करेगा. उसने यह भी कहा कि कम उम्र में शादी कानूनी रूप से मान्य नहीं होगी. इसके बाद आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अस्पताल ले गया. वहां नाबालिग का गर्भपात कराने का आरोप है. नाबालिग ने पुलिस को दिए आवेदन में इन घटनाओं का जिक्र किया था. अब अदालत में आरोपी की सजा के बिंदु पर सुनवाई होनी है.