Jharkhand Police Sports: झारखंड पुलिस की पुरुष और महिला आर्चरी टीम के गठन के लिए 13 सितंबर को ट्रायल-सह-चयन शिविर आयोजित किया जाएगा. यह प्रक्रिया झारखंड सशस्त्र पुलिस-10, रांची में होगी. झारखंड इस साल 15वीं अखिल भारतीय पुलिस आर्चरी चैंपियनशिप 2026-27 की मेजबानी करने वाला है. प्रतियोगिता 22 से 26 अक्टूबर तक रांची में प्रस्तावित है. इसी को देखते हुए टीम तैयार की जा रही है.
क्षेत्रीय प्रतियोगिता के खिलाड़ियों को मौका
ट्रायल में 2026-27 की क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता से चुने गए खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. इसके अलावा वे अनुभवी आर्चरी खिलाड़ी भी शामिल हो सकेंगे, जो किसी वजह से क्षेत्रीय प्रतियोगिता में नहीं खेल पाए थे. पुलिस मुख्यालय ने CID, जे.जे., रेल, विशेष शाखा, संचार एवं तकनीकी सेवाएं और ACB को अपने यहां के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ट्रायल में भेजने का निर्देश दिया है.
प्रदर्शन के आधार पर होगा चयन
ट्रायल के लिए झारखंड सशस्त्र पुलिस-10 के समादेष्टा को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. प्रशिक्षकों की मदद से खिलाड़ियों का प्रदर्शन परखा जाएगा. चयन अखिल भारतीय पुलिस खेलकूद नियंत्रण बोर्ड के नियमों के अनुसार किया जाएगा. चुने गए खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए झारखंड सशस्त्र पुलिस-10 में अभ्यास शिविर भी लगाया जाएगा.
चयनित खिलाड़ियों की सूची और पूरी जानकारी 15 सितंबर तक पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी. वहीं, चयन में जगह नहीं बना पाने वाले खिलाड़ियों को उनकी जिला, वाहिनी या संबंधित इकाई में वापस भेज दिया जाएगा.