Pakur News:पाकुड़ जिला मुख्यालय में बुधवार को भाजपा ने छात्रों के आंदोलन के समर्थन में राज्य की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया. पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में निकला जुलूस लड्डू बाबू आम बागान से शुरू होकर समाहरणालय पहुंचा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
आम बागान से निकला जुलूस
भाजपा कार्यकर्ता लड्डू बाबू आम बागान में जुटे, जहां से जुलूस की शुरुआत हुई. बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारे लगाते हुए जिला समाहरणालय की ओर बढ़े. समाहरणालय के बाहर पहुंचने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे.
छात्रों पर कार्रवाई का लगाया आरोप
प्रदर्शन के दौरान बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर छात्रों के आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर लाठीचार्ज किया गया और मामले दर्ज किए गए. मरांडी ने छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की. साथ ही उन्होंने परीक्षा में कथित धांधली की जांच सीबीआई से कराने की मांग भी दोहराई.
सरकार को आंदोलन की चेतावनी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अगर सरकार भाजपा की मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर संघर्ष के दौरान अगर लाठी खानी पड़े या जेल जाना पड़े, तो पार्टी इसके लिए भी तैयार है. फिलहाल भाजपा के प्रदर्शन के बाद राज्य की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.