Adityapur Crime News: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में अमित सरदार की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि हत्या के बाद पहचान और सबूत छिपाने की कोशिश में शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया था. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत कई सामान भी बरामद किए गए हैं.
परिजन की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को मृतक की परिजन बेहुला देवी ने लिखित शिकायत दी थी. इसके आधार पर आरआईटी थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था. मामले में कांड संख्या 35/26 दर्ज की गई थी. जांच आगे बढ़ने के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले. इसके बाद अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर चार संदिग्धों को पकड़ा गया.
चारों गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू (26), सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा (38), स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु (27) और मिलन सिंह (18) के रूप में हुई है. दीकू किस्कू और सोमा मुंडा कृष्णापुर टोला, राहड़गोड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, आदित्यपुर के रहने वाले हैं. वहीं स्वरूप सोरेन और मिलन सिंह सतबहनी धीरजगंज, आदित्यपुर के निवासी हैं.
हथौड़े, मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर दो लोहे के हथौड़े बरामद किए गए हैं. इसके अलावा चार स्मार्टफोन और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है. जांच के दौरान मृतक की शर्ट में लपेटकर रखा गया एक पत्थर भी बरामद किया गया है. पुलिस इन सभी सामानों को मामले से जोड़कर जांच कर रही है. पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और घटना में गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में आरआईटी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत पराशर, पुलिस अवर निरीक्षक विमलेश कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार और सहायक अवर निरीक्षक विक्रम कुमार शामिल रहे. टीम में आरक्षी उमाशंकर सिंह, हवलदार जॉनसन भेंगरा, आरक्षी सिदिऊ बुड़ीउली और बबलू बिरुली भी शामिल थे.