Giridih News: गिरिडीह के तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोंक स्थित बाघमारी मोड़ से एचएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार के अपहरण और हत्या मामले का गिरिडीह पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मंजेश कुमार का शव बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र स्थित पिपरातरी जंगल से बरामद किया गया।
6 सितंबर को मिली थी अपहरण की सूचना
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मंजेश कुमार के अपहरण की सूचना मिली थी। उनके भाई गौतम कुमार के लिखित आवेदन पर तिसरी थाना में 7 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1)/61 में प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रोजेक्ट मैनेजर से विवाद के बाद रची गई साजिश
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेन्द्र चौधरी और मुंशी मंजेश कुमार के बीच काम में हस्तक्षेप तथा डीजल और अन्य खर्चों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के बाद मंजेश कुमार को रास्ते से हटाने की साजिश बनाई गई।

जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि प्रोजेक्ट मैनेजर उपेन्द्र चौधरी ने पिन्टु कुमार यादव और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी। मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस ने मामले में इम्तियाज अंसारी (39), शिव कुमार, पिन्टु कुमार यादव और राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में इम्तियाज अंसारी देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के खिजुरिया के रहने वाले हैं। शिव कुमार बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कथैया थाना क्षेत्र के सघनपुरा निवासी हैं। वहीं पिन्टु कुमार यादव तिसरी थाना क्षेत्र के भोगताडीह और राजेश कुमार सिंह धनवार थाना क्षेत्र के नावागढ़चट्टी के निवासी हैं।

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा पत्थर और सखुआ का डंडा भी जब्त किया गया है। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
SIT टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
छापामारी दल में एसडीपीओ खोरीमहुआ अमरेन्द्र कुमार, पुलिस निरीक्षक रोहित कुमार महतो, तिसरी थाना प्रभारी शम्भू नन्द ईश्वर, घोड़थंभा ओपी प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार, राजधनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, गांवा थाना के सतीश कुमार, देवरी थाना के रिशु कुमार सिन्हा, आरक्षी शशिकांत कुशवाहा, तकनीकी शाखा के आरक्षी जोधन कुमार समेत तिसरी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस मामले में अन्य लोगों की भूमिका और घटना के बाकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।