Ranchi: राजधानी रांची के अशोकनगर में एक पूर्व नौकरशाह की कथित करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस मामले की जांच कराने की मांग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की है. मरांडी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए सवाल उठाया कि अगर पूर्व अधिकारी ने अशोकनगर में करीब साढ़े 7 करोड़ रुपये की जमीन और मकान खरीदा है, तो इस सौदे के लिए रकम का स्रोत क्या है.
पहले से संपत्ति होने का भी किया जिक्र
बाबूलाल मरांडी ने अपने पोस्ट में कहा कि संबंधित पूर्व नौकरशाह के पास रांची में पहले से भी जमीन और मकान होने की बातें सामने आती रही हैं. उन्होंने मांग की कि अधिकारी की कुल संपत्ति, खरीद में लगी रकम और उसकी आय के स्रोत की जांच होनी चाहिए. मरांडी के मुताबिक, जांच से यह स्पष्ट हो सकता है कि संपत्ति खरीदने के लिए इस्तेमाल की गई रकम कहां से आई.
JSSC मामले से संबंध की जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने इस कथित संपत्ति सौदे को JSSC नियुक्ति घोटाले की जांच से जोड़कर भी सवाल उठाया है. उन्होंने आशंका जताई कि कहीं इस संपत्ति सौदे का कोई संबंध JSSC से जुड़े कथित लेन-देन या जांच से तो नहीं है. मरांडी ने मांग की है कि अगर जांच होती है, तो इस पहलू को भी शामिल किया जाए.
महत्वपूर्ण पदों पर रहने का लगाया आरोप
बाबूलाल मरांडी ने यह भी कहा कि संबंधित अधिकारी सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विवादों में नाम आने के बावजूद उन्हें अहम जिम्मेदारियां मिलती रही हैं. मरांडी का कहना है कि यदि संपत्ति वैध आय से खरीदी गई है, तो उसके स्रोत की जानकारी जांच में सामने आने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है.