Gumla Elephant Attack: झारखंड के गुमला जिले में जंगली हाथी ने एक बुजुर्ग की जान ले ली. घटना भरनो प्रखंड की मारासिली पंचायत के महूगांव टंगरा टोली की है. बुधवार सुबह करीब 5 बजे 65 वर्षीय शनि उरांव घर से बाहर निकले थे. वह घर के पास ही शौच के लिए गए थे. इसी दौरान झाड़ियों में छिपे हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया. हाथी ने शनि उरांव को कुचल दिया. इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
झाड़ियों में पहले से मौजूद था हाथी
बताया जा रहा है कि शनि उरांव को झाड़ियों में छिपा हाथी दिखाई नहीं दिया. वह जैसे ही उसके पास पहुंचे, हाथी ने अचानक हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. इस घटना के बाद गांव में डर का माहौल है.
इलाके में हाथियों की आवाजाही से डर
ग्रामीणों के अनुसार, भरनो और आसपास के इलाकों में जंगली हाथियों की आवाजाही होती रहती है. कई बार हाथियों को देखने या भगाने के दौरान लोग उनके काफी करीब चले जाते हैं. ऐसे में हाथी के हमलावर होने का खतरा बढ़ जाता है. हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीण परेशान हैं. लोग खासकर रात के समय घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं.
वन विभाग से निगरानी की मांग
घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दे दी गई है. ग्रामीणों ने शनि उरांव के परिवार को जल्द मुआवजा देने की मांग की है. इसके साथ ही वन विभाग से हाथियों की आवाजाही पर नजर रखने को कहा है. ग्रामीण चाहते हैं कि आबादी वाले इलाकों में हाथियों के आने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं. फिलहाल घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.