National News: रायबरेली में एक बार फिर राहुल गांधी की सक्रियता देखने को मिलेगी. लोकसभा में विपक्ष के नेता मंगलवार से अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों से सीधे उनकी परेशानी जानेंगे. शिवगढ़ और महाराजगंज में राहुल गांधी बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यों का भी जायजा लेंगे.
बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान शिवगढ़ और महाराजगंज के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाएंगे. यहां वे स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत करेंगे. वे लोगों की समस्याएं सुनेंगे और बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी लेंगे. राहत और बचाव के काम की स्थिति भी देखेंगे. इस दौरे से उन्हें बाढ़ प्रभावित लोगों की मौजूदा स्थिति की जानकारी सीधे मिल सकेगी.
प्रशासन ने पूरी की दौरे की तैयारी
राहुल गांधी के दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन ने जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सुरक्षा व्यवस्था के साथ विभागीय बैठकों की तैयारी भी की गई है. आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है. इससे पहले राहुल गांधी मई में भी दो दिन के लिए रायबरेली आए थे. उस दौरान उन्होंने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि यानी MPLAD से बने एक मैरिज हॉल का उद्घाटन किया था. फिलहाल उनके इस दौरे में विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात पर खास नजर रहेगी.