Jamshedpur News: विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और धांधली के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर ने मंगलवार को प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई. भाजपा की ओर से पूरे मामले की जांच CBI से कराने की मांग की गई.
प्रदर्शन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गोस्वामी भी शामिल हुए. सभा को संबोधित करते हुए मधु कोड़ा ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी से राज्य के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों से अभ्यर्थियों में नाराजगी और निराशा बढ़ रही है. उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
आंदोलन कर रहे युवाओं पर दर्ज केस वापस लेने की मांग
भाजपा नेताओं ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि युवाओं के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा. पार्टी ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच के साथ आंदोलन कर रहे युवाओं पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग भी उठाई.
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा. यह ज्ञापन राज्यपाल के नाम दिया गया. ज्ञापन में भर्ती परीक्षाओं की कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने और युवाओं पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की गई. भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा.