Jharkhand Health Care: झारखंड में मरीजों को अस्पतालों की लंबी कतार से राहत देने की तैयारी शुरू हो गई है. स्वास्थ्य विभाग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और डॉक्टर से अपॉइंटमेंट की सुविधा को ज्यादा अस्पतालों तक पहुंचाने की योजना पर काम कर रहा है. इसी सिलसिले में सोमवार को RIMS परिसर में स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव ने अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ बैठक की. बैठक में RIMS निदेशक डीके सिन्हा, चिकित्सा अधीक्षक एच बिरुआ, डॉक्टर शैलेश त्रिपाठी, एके झा और C-DAC के विशेषज्ञ मौजूद रहे.
C-DAC के सॉफ्टवेयर में होंगे बदलाव
बैठक में मरीजों के लिए इस्तेमाल हो रहे C-DAC सॉफ्टवेयर की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने इसकी प्रक्रिया को और आसान बनाने को लेकर सुझाव दिए. डॉक्टरों और तकनीकी विशेषज्ञों से मिले फीडबैक के आधार पर सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं.
मोबाइल से पहले ही बुक होगा अपॉइंटमेंट
विभाग की योजना के मुताबिक, मरीज अस्पताल पहुंचने से पहले ही मोबाइल के जरिए रजिस्ट्रेशन और डॉक्टर का अपॉइंटमेंट ले सकेंगे. RIMS और सदर अस्पताल में यह सुविधा पहले से उपलब्ध है. अब लोगों को इसके इस्तेमाल के बारे में ज्यादा जानकारी देने के लिए सोशल मीडिया और अखबारों के जरिए प्रचार किया जाएगा.
जिला अस्पताल और CHC भी होंगे डिजिटल
स्वास्थ्य विभाग इस व्यवस्था को धीरे-धीरे राज्य के सभी जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने की तैयारी में है. उद्देश्य ऐसी डिजिटल व्यवस्था तैयार करना है, जिससे अलग-अलग अस्पतालों में मरीजों को जरूरी सेवाएं लेने में आसानी हो.
कम होगी भीड़, घटेगा कागजी काम
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अपॉइंटमेंट बढ़ने से अस्पतालों में मरीजों की भीड़ कम होने की उम्मीद है. साथ ही रजिस्ट्रेशन और दूसरे कागजी काम में लगने वाला समय भी घटेगा. इससे मरीजों को अस्पताल में कम समय बिताना पड़ेगा और भीड़ कम होने से संक्रमण का जोखिम भी घट सकता है.
यह पहल आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन से भी जुड़ी है. विभाग का लक्ष्य आने वाले समय में अस्पताल की ज्यादा से ज्यादा जरूरी सेवाओं को मोबाइल के जरिए मरीजों तक पहुंचाना है.