Guwahati Murder News: असम के गुवाहाटी में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बशिष्ठपुर इलाके के एक फ्लैट में 25 वर्षीय विवाहित महिला रिया तालुकदार गोस्वामी का कटा हुआ सिर फ्रिज के अंदर पॉलीथीन बैग में मिला. पुलिस ने मामले में उसके पति रामानुजन गोस्वामी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर कथित तौर पर अपराध स्वीकार किया है.
बदबू से खुला हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक रविवार रात पड़ोसियों ने फ्लैट से तेज बदबू आने की सूचना दी थी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान फ्रिज के अंदर पॉलीथीन में महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ. जांच में महिला की कुछ उंगलियां काटे जाने की बात भी सामने आई है.
पति ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर
एडीसीपी अनुराग शर्मा के अनुसार रिया के पति रामानुजन गोस्वामी को मामले का मुख्य आरोपी बनाया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण करने के बाद वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं का पता लगाने में जुटी है.
छह महीने पहले हुई थी शादी
शुरुआती जांच के अनुसार महिला की हत्या शव बरामद होने से करीब 48 घंटे पहले की गई थी. रिया और रामानुजन की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी और दोनों इसी फ्लैट में रह रहे थे. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पति-पत्नी के बीच पहले से कोई विवाद था या हत्या के पीछे कोई दूसरी वजह रही.
घटनास्थल से हथियार बरामद
जांच टीम ने फ्लैट से एक हथियार भी बरामद किया है. पुलिस को आशंका है कि हत्या में इसका इस्तेमाल किया गया हो सकता है. हथियार को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. पुलिस घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. जांच का एक अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि हत्या के बाद शव के साथ क्या किया गया और उसे फ्लैट में कितने समय तक रखा गया.
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है. आरोपी से पूछताछ और फोरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.