Ranchi News: सदर अस्पताल परिसर और आसपास लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच रांची पुलिस ने एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। वहीं, छापेमारी के दौरान वर्ष 2021 के एक पुराने बाइक चोरी मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त शाहिद राय को भी पकड़ा गया है।
बाइक चोरी की शिकायतों के बाद बढ़ाई गई निगरानी
सदर अस्पताल परिसर और इसके आसपास लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद SSP के निर्देश पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी थी। टाइगर मोबाइल, PCR और माइक टीम को विशेष रूप से इलाके में नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।
इसी दौरान 6 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सदर अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक चोरी करने के इरादे से घूम रहा है। सूचना की पुष्टि करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के बाद पांच अन्य आरोपी पकड़े गए
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर टीम ने पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के बताए स्थानों से चोरी की चार मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान अंसारी, मो. कैश आलम, मोसिन राय, इमरान आलम उर्फ भालो, मो. जफरूल्ला और सैफ अंसारी उर्फ राज के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
2021 के पुराने मामले में भी एक आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पुराने बाइक चोरी मामले में भी गिरफ्तारी की है। लोअर बाजार थाना में 7 जून 2021 को दर्ज FIR से जुड़े अप्राथमिकी अभियुक्त शाहिद राय को पुलिस ने पकड़ा है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने रांची में बाइक चोरी की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही चोरी की मोटरसाइकिलों को किन लोगों के माध्यम से और कहां खपाया जाता था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम गिरोह के अन्य कनेक्शन की तलाश में
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की बाइक के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के अलावा पुलिस पदाधिकारी और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।