Adityapur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में रविवार दोपहर आसंगी चेक डैम पर हादसा हो गया. खरकई नदी में बने चेक डैम में नहाने गए दो युवक गहरे पानी में डूब गए.घटना करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है. डूबने वाले युवकों की पहचान बंता नगर निवासी सोनू लोहार और मिरूडीह निवासी शुभम शर्मा के रूप में हुई है.
नहाते समय अचानक गहरे पानी में गए
बताया जा रहा है कि दोनों युवक दोपहर में चेक डैम पर नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आ गए. मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने RIT थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी.
स्थानीय गोताखोरों ने शुरू की तलाश
सूचना मिलते ही RIT थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई.
हालांकि, देर तक चले रेस्क्यू के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चल सका. थाना प्रभारी के अनुसार, चेक डैम में पानी का बहाव तेज है और गहराई अधिक होने के कारण तलाशी में परेशानी आ रही है. पुलिस ने NDRF को भी सूचना दी है. अब सोमवार सुबह NDRF की टीम दोबारा तलाशी अभियान चलाएगी.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद दोनों युवकों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. युवकों के डूबने की खबर से परिवारों में मातम पसरा है.
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
आसंगी चेक डैम पर पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यहां चेतावनी बोर्ड लगाए हैं और नदी में उतरने पर रोक भी है. इसके बावजूद लोग लगातार इस खतरे को नजरअंदाज कर रहे हैं. इस साल अब तक आसंगी चेक डैम में पांच युवकों की डूबने से मौत हो चुकी है. इन हादसों में आदित्यपुर-2 के पथ संख्या 11 और 21 के दो युवक, एस-टाइप और कल्पनापुरी के दो युवक तथा NIT के एक छात्र की जान जा चुकी है.