Jamshedpur Crime News: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बोड़ाम में 3-4 अगस्त की रात दो अलग-अलग दुकानों का एस्बेस्टस तोड़कर हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान से एस्बेस्टस काटकर जेवरात, नकदी और DVR चोरी कर लिया था, जबकि उसी रात पड़ोसी दुकान में घुसकर नया मोबाइल, नकदी और DVR काट ले गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्य, CCTV फुटेज और फिंगर प्रिंट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
विशेष जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकबूल अंसारी (उम्र करीब 32 वर्ष, निवासी- बेलडीह, थाना- अरशा, जिला- पुरुलिया, पश्चिम बंगाल), असलम अंसारी (उम्र करीब 23 वर्ष, थाना- मुफस्सिल, जिला- पुरुलिया, पश्चिम बंगाल), रहीम अंसारी (उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी- इलसोडीह, थाना- मुफस्सिल, जिला- पुरुलिया, पश्चिम बंगाल) और गयामुद्दीन अंसारी (उम्र करीब 31 वर्ष, निवासी- नोवा ग्राम- बाधजोरा, थाना- बलरामपुर, जिला- पुरुलिया, पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की होंडा SP 125 बाइक (JH09BB 6377), विभिन्न कंपनियों के एंड्रॉइड व कीपैड मोबाइल (एक ONE PLUS शामिल), भारी मात्रा में चांदी के जेवर (बिछिया, कंगन, बांह बाला, बिछुआ, चैन, पायल, सिक्के), लोहे का नट-बोल्ट और चोरी की अन्य सामग्रियां जब्त की हैं.
पुलिस की टीम ने जमशेदपुर के मानगो तथा पश्चिम बंगाल के अरशा, मुफस्सिल और बलरामपुर थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर इस गिरोह को दबोचा. सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.