Ramgarh News: गोला थाना क्षेत्र के हेसापोड़ा पंचायत अंतर्गत टुंगरीडीह में शुक्रवार तड़के एक सड़क हादसे के बाद कथित गौ तस्करी का मामला सामने आया। तेज रफ्तार महिंद्रा XUV अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद वहां मौजूद तीन ग्रामीणों ने वाहन की जांच की तो अंदर तीन गायें बंधी हुई मिलीं।
हादसे के बाद गायों को बाहर निकालकर कराया गया उपचार
घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता रंजीत प्रजापति और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहन में बंधी गायों को बाहर निकाला और उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था की। इसके बाद पशु चिकित्सक को बुलाकर गायों का उपचार कराया गया।
बताया गया कि वाहन में सवार लोग हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी।
पुलिस ने XUV जब्त कर गायों को गौशाला भेजा
सूचना मिलने के बाद गोला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और महिंद्रा XUV को जब्त कर लिया। तीनों गायों को सुरक्षित गौशाला में रखवाया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, वाहन के नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक का नाम दिनेश सामने आया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और वाहन मालिक समेत अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ जांच व आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच अभियान की मांग
घटना को लेकर बजरंग दल गोला प्रखंड गौरक्षा प्रमुख आशीष शर्मा और हिन्दू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दिपक मिश्रा ने नाराजगी जताई। दोनों ने फरार तीनों आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में गौवंश की कथित अवैध ढुलाई पर रोक लगाने के लिए सघन जांच अभियान चलाने की भी मांग की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गायों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।