JSSC Scam Investigation: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक की जांच अब तेज होती दिख रही है. खास तौर पर JSSC CGL से जुड़े मामलों को लेकर CID की विशेष जांच टीम ने शुक्रवार को आयोग के नामकुम स्थित कार्यालय में जांच की. जानकारी के मुताबिक, टीम ने JSSC सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की. इसके साथ ही आयोग के दफ्तर में मौजूद कई महत्वपूर्ण और गोपनीय दस्तावेजों की भी जांच की गई.
जांच के दौरान कुछ OMR शीट और दूसरे दस्तावेज मिलने की बात भी सामने आई है. हालांकि, इन दस्तावेजों की संख्या और जांच में उनकी भूमिका को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
पहले सचिव के आवास पर पहुंची थी CID टीम
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, CID की टीम शुक्रवार सुबह मोरहाबादी के हरिहर सिंह रोड स्थित सुधीर गुप्ता के निजी आवास पर भी पहुंची थी. बताया जा रहा है कि यहां काफी देर तक तलाशी ली गई. इस दौरान कुछ फाइलों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच किए जाने की बात कही जा रही है. इसके बाद टीम सीधे JSSC मुख्यालय पहुंची और प्रशासनिक भवन में सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की. हालांकि, सचिव के आवास पर हुई कार्रवाई और वहां से किसी सामग्री की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.
सुधीर गुप्ता से पूछताछ के जरिए CID आयोग की परीक्षा प्रक्रिया, दस्तावेजों के रखरखाव और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े दूसरे पहलुओं की जानकारी जुटा सकती है. जांच एजेंसी पहले से सामने आए आरोपों और नए साक्ष्यों को आपस में जोड़कर मामले की पड़ताल कर रही है.
फिलहाल CID की कार्रवाई जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि JSSC की किन परीक्षाओं में किस स्तर पर अनियमितता हुई और इसमें किन लोगों की भूमिका सामने आती है.