Chatra News: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लावालौंग थाना पुलिस ने जोभी टोला के बेहराबाद में छापेमारी कर एक घर से 1.485 किलो अफीम बरामद की है। पुलिस ने मौके से पचिया देवी, पति भगवान गंझू, को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर विशेष टीम ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, एसपी अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि बेहराबाद इलाके में एक घर में अफीम रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद लावालौंग थाना पुलिस की विशेष टीम ने जोभी टोला के बेहराबाद में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पचिया देवी को गिरफ्तार किया गया और उसके घर की तलाशी में 1.485 किलो अफीम बरामद हुई।
एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
मामले की जानकारी एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की विशेष टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया और उसके घर से अफीम बरामद की।
एसडीपीओ ने कहा कि अफीम की खेती या उसकी बिक्री करते पकड़े जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवान रहे शामिल
छापेमारी अभियान में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार के साथ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बरामद अफीम को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।