Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची स्थित एमजीएम अस्पताल के नए भवन के निर्माण में काम कर रहे 22 वर्षीय मजदूर तारा शेष गिरि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह मजदूरी के लिए जमशेदपुर आया था. तारा शेष गिरि मूल रूप से आंध्र प्रदेश के कोटपाकटी का रहने वाला था. वह एमजीएम अस्पताल के नए भवन के निर्माण कार्य में लगा हुआ था.
बारिश के बाद हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सोमवार को शहर में तेज बारिश हुई थी. मौसम खराब होने के कारण निर्माण स्थल पर काम समय से पहले रोक दिया गया था. इसके बाद तारा शेष गिरि किसी निजी काम से बाहर निकला था. इसी दौरान उसके गिरने की जानकारी साथ काम करने वाले मजदूरों को मिली. सहकर्मी तुरंत उसे गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मौत की वजह पर बना संशय
तारा शेष गिरि की मौत कैसे हुई, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है. घटना के बाद अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि वह ठनका की चपेट में आया था. वहीं कुछ लोगों के मुताबिक, वह फिसलकर गिर गया था. मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. इसी वजह से पुलिस और संबंधित पक्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. बुधवार को तारा शेष गिरि के शव का पोस्टमार्टम कराया गया.