Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-03

Ghatshila Road Accident: घाटशिला के स्वर्णरेखा पुल पर दर्दनाक सड़क हादसा; तेज रफ्तार कार के धक्के से उफनती नदी में गिरी महिला, मासूम बच्ची की TMH में मौत

Ghatshila Road Accident: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में जमशेदपुर-घाटशिला मुख्य मार्ग पर बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई. हादसा अमाईनगर स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने स्कूटी और दो बाइक को टक्कर मारने के बाद नदी का जलस्तर देख रहे एक परिवार को भी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि परिवार की महिला सुष्मिता सिन्हा (40) पुल से उछलकर स्वर्णरेखा नदी में जा गिरीं. उस समय नदी में बाढ़ और तेज बहाव था. करीब दो घंटे तक तलाश के बाद महिला घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर नदी के किनारे मिलीं.

हादसे में गंभीर रूप से घायल परिवार को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल यानी TMH लाया गया. इलाज के दौरान गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे परिवार की पांच वर्षीय बच्ची श्रेया की मौत हो गई.

नदी का जलस्तर देखने पुल पर रुका था परिवार
बताया गया कि बुधवार रात करीब 9 बजे सुष्मिता सिन्हा अपने पति सुब्रतो सिन्हा और बच्चों के साथ बाइक से अमाईनगर पुल पर पहुंची थीं. परिवार पुल पर बाइक खड़ी कर स्वर्णरेखा नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर देख रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार आई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि हादसे के दौरान उसका टायर भी ब्लास्ट हो गया. टक्कर लगते ही सुष्मिता सिंह पुल से नीचे नदी में जा गिरीं. शुरुआती तौर पर देर रात तक उनका पता नहीं चल सका था. पुलिस और स्थानीय लोगों ने नदी में उनकी तलाश शुरू की.

तैरना आने के कारण 2 किलोमीटर दूर मिली महिला
लगातार तलाश के बाद करीब दो घंटे बाद 2 किमी. दूर सुष्मिता सिन्हा नदी के किनारे मिलीं. बताया गया कि उन्हें तैरना आता था, जिसकी वजह से वह पानी के बहाव के बावजूद किसी तरह किनारे तक पहुंच सकीं. हादसे में उनके पति सुब्रतो सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. परिवार के सदस्यों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. परिजनों के अनुसार, सुब्रतो सिंह का ऑपरेशन होना है, जबकि सुष्मिता सिंह का भी इलाज और ऑपरेशन किया जाना है.

बच्ची की इलाज के दौरान मौत
हादसे में सुष्मिता सिन्हा और सुब्रतो सिन्हा की बेटी श्रेया भी गंभीर रूप से घायल हुई थी. उसे इलाज के लिए TMH में भर्ती कराया गया था. गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे इलाज के दौरान पांच वर्षीय श्रेया ने दम तोड़ दिया. परिवार के चार वर्षीय बेटे की हालत भी गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों ने दुर्घटना के जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

कुल सात लोगों के घायल होने की सूचना
इस दुर्घटना में कार की चपेट में आने वाले परिवार के अलावा स्कूटी और दो बाइक सवार भी घायल हुए हैं. कुल सात लोगों के घायल होने की सूचना है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. गंभीर रूप से घायल परिवार के सदस्यों को बेहतर इलाज के लिए TMH रेफर किया गया.

नशे में ड्राइविंग का भी आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने कार चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि कार में चालक के अलावा तीन से चार युवक सवार थे और वे भी नशे की हालत में थे. हालांकि, नशे में वाहन चलाने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की जांच के बाद ही होगी. पुलिस हादसे के कारणों के साथ चालक की स्थिति और वाहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

तेज रफ्तार को माना जा रहा हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में थी. इसी दौरान उसने पुल पर खड़ी बाइक और दूसरे वाहनों को टक्कर मारी. टक्कर के बाद कार का टायर ब्लास्ट होने की बात भी सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस वजह से हुआ और चालक की लापरवाही की इसमें कितनी भूमिका थी.

जांच में जुटी पुलिस, परिजनों ने की सख्त कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद घाटशिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ नदी में गिरी महिला की तलाश में भी स्थानीय लोगों की मदद ली. अब बच्ची की मौत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. परिजन हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !