Jharkhand: झारखंड कैडर के दो और आईपीएस अधिकारी जल्द ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं. 2013 बैच की आईपीएस अधिकारी निधि द्विवेदी और 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी पीयूष पांडेय ने केंद्र में प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन किया है. अब दोनों अधिकारियों को राज्य सरकार से एनओसी यानी अनापत्ति प्रमाण पत्र और जरूरी अनुमति का इंतजार है. अनुमति मिलने के बाद दोनों केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकते हैं.
प्रियदर्शी आलोक भी कर चुके हैं आवेदन
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की तैयारी करने वाले अधिकारियों में 2011 बैच के आईपीएस प्रियदर्शी आलोक भी शामिल हैं. उन्होंने कुछ महीने पहले ही केंद्र में प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन किया था. इसके अलावा एक अन्य आईपीएस अधिकारी के जल्द ही इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी IB में प्रतिनियुक्ति पर जाने की संभावना भी जताई जा रही है.
पिछले महीने तीन वरिष्ठ IPS अधिकारी गए केंद्र
झारखंड कैडर के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए हैं. इनमें आईजी ए विजया लक्ष्मी, डीआईजी सुरेन्द्र कुमार झा और डीआईजी चंदन कुमार झा शामिल हैं. इन अधिकारियों के केंद्र जाने के बाद अब दो और आईपीएस अधिकारियों के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की तैयारी है.
केंद्र में 26 IPS अधिकारी दे रहे हैं सेवा
फिलहाल झारखंड कैडर के 26 आईपीएस अधिकारी केंद्र में अलग-अलग जिम्मेदारियों पर सेवाएं दे रहे हैं. इन अधिकारियों में डीजी संपत मीणा, एडीजी संजय ए लाठकर, एडीजी नवीन कुमार सिंह, एडीजी बलजीत सिंह और एडीजी आशीष बत्रा शामिल हैं. केंद्र में सेवाएं दे रहे आईजी स्तर के अधिकारियों में साकेत कुमार सिंह, होमकर अमोल वेणुकांत, कुलदीप द्विवेदी, अभिषेक, ए विजया लक्ष्मी और अनूप टी मैथ्यू शामिल हैं. डीआईजी स्तर पर अनीश गुप्ता, एम तमिलवाणन, पी मुरुगन, सुरेन्द्र कुमार झा, शिवानी तिवारी, चंदन कुमार झा और जया रॉय केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं. एसपी स्तर पर अखिलेश बी वारियर, अंशुमन कुमार, प्रियंका मीणा, प्रांजल रुंडला, आर रामकुमार, विनीत कुमार, के विजय शंकर और शुभांशु जैन केंद्र में सेवाएं दे रहे हैं.