Jharkhand: झारखंड में छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा ने सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं. बुधवार को भाजपा नेताओं ने राज्य के मुख्य सचिव से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा. भाजपा ने छात्र आंदोलन के दौरान 1000 से अधिक छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग की है. इसके साथ ही परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और घोटालों की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा सरकार से करने को कहा है.
भाजपा ने रखीं चार प्रमुख मांगें
मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि पार्टी ने सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं. पहली मांग है कि छात्र आंदोलन के दौरान 1000 से अधिक छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाए. भाजपा का कहना है कि छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सामने रख रहे थे. दूसरी मांग परीक्षा घोटालों की जांच से जुड़ी है. भाजपा ने इन मामलों की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है. आदित्य साहु ने कहा कि पार्टी को सीआईडी की जांच पर भरोसा नहीं है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जेपीएससी के चेयरमैन जेल जाते हैं, लेकिन आयोग के सदस्य बाहर घूम रहे हैं.
आंदोलन में हिंसा करने वालों पर कार्रवाई की मांग
भाजपा की तीसरी मांग छात्र आंदोलन के दौरान हुई कथित हिंसा को लेकर है. आदित्य साहु ने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ हिंसा करने वाले सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई होनी चाहिए. चौथी मांग परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों से जुड़े आयोग के अध्यक्ष और सभी सदस्यों पर कार्रवाई की है. भाजपा ने दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है.
"छात्रों के हक की लड़ाई लड़ेगी भाजपा"
आदित्य साहु ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में राज्य में नियुक्तियों के नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाले हो रहे हैं. उन्होंने पैसे के लेन-देन का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था से झारखंड को नुकसान हो रहा है. राज्य को बचाने के लिए भाजपा छात्रों के साथ खड़ी रहेगी और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों ने न तो किसी को गाली दी और न ही उपद्रव किया. इसके बावजूद 1000 से ज्यादा छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज कर दी गई. उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की अपील की. साथ ही आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन कर रहे छात्रों पर हमला किया था. भाजपा ने ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है.